अधिवक्ता संघ चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो
गई। अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने की होड़ रही। अध्यक्ष पद पर चार, वरिष्ठ
उपाध्यक्ष, महासचिव तथा कोषाध्यक्ष पद पर दो-दो नामांकन हुए हैं। पूर्व
अध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने भी नामांकन दाखिल किया है।
सोमवार को
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। अध्यक्ष पद पर अमर सिंह राठौर,
भागीरथ पांडेय, अरविंद पांडेय और रामराजा त्रिपाठी ने पर्चे दाखिल किए।
वरिष्ठ
उपाध्यक्ष पद पर ब्रह्मदत्त शुक्ला और द्वारपाल वर्मा, महासचिव पद पर
राजेंद्र गुप्ता व संतोष गुप्ता, कोषाध्यक्ष पद पर राममिलन कुशवाहा व
रामसजीवन वर्मा, संयुक्त सचिव (प्रशासन) पद पर प्रमोद अवस्थी, नरेंद्र
कुमार गुप्ता, लवकुश मिश्र, पुस्तकालय सचिव पद पर मनोज कुमार द्विवेदी व
सुरेंद्र कुमार, सचिव (प्रकाशन) पद पर अजय कुमार शर्मा और मिथलेश कुमार
यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मात्र
एक पर्चा दाखिल होने से नरेंद्र शुक्ला और प्रबंध कार्यकारिणी के 12 सदस्य
भी निर्विरोध चुने जाना तय हैं। कार्यकारिणी में दो सदस्य और चुने जाएंगे।
श्री
राठौर वर्तमान इल्डर्स कमेटी में भी सदस्य थे। उन्होंने अपना इस्तीफा
कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र नाथ पांडेय को सौंप दिया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का
कहना है कि संघ की आम सभा की बैठक में इस्तीफा स्वीकार होगा। ऐसे में उनके
नामांकन को लेकर असमंजस्य की स्थिति है। फैसला इल्डर्स कमेटी को करना है।
हालांकि
श्री राठौर का कहना है कि वह 13 फरवरी को ही इस्तीफा दे चुके हैं। इल्डर्स
कमेटी का फैसला उन्हें मान्य होगा। 18 फरवरी को नाम वापस होंगे। चार
वर्षों बाद हो रहे चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में काफी जोश और उत्सुकता है।
चुनाव अधिकारी रामनरेश गर्ग ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष होंगे।