एप्प द्वारा प्रेषित खबर ------ बांदा। नहाते समय तालाब में डूबकर मौत के आगोश में समाया बालक प्रांशू घर का दुलारा था। उसकी मौत से मां और पिता बेसुध हैं। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बिसंडा थाना क्षेत्र के अमवां गांव निवासी बिहारी का 8 वर्षीय पुत्र प्रांशू और मुन्नीलाल का 9 वर्षीय पुत्र संजय कुमार शनिवार को शाम करीब 4 बजे तालाब में नहाते समय डूब गए थे। ये दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। घाट पर मौजूद पड़ोस की 14 वर्षीय हीरामनी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने काफी देर की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्रांशू को मृत घोषित कर दिया। संजय फिलहाल स्वस्थ है। मृतक के मज़दूरपेशा पिता बिहारी ने बताया कि दोनों घर से खेलने के लिए निकले थे। प्रांशू दो भाइयों में छोटा और दुलारा था। उसकी मौत से पूरा घर गमजदा है। गांव के स्कूल में कक्षा 3 में पढ़ता था।