बांदा। मछली के शिकार को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी दबंग ने मछली पालक को गोली मार दी और भाग निकले। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस भी घटना की वजह यही बता रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी इंदल सिंह (30) पुत्र राजा सिंह मछली पालक है। शनिवार की दोपहर वह तालाब की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक समेत आधा दर्जन लोग आए और तालाब में मछली का शिकार करने लगे।
इंदल ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया। इसी बीच पड़ोसी दबंग ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली पेट को चीरकर निकल गई। इंदल लहूलुहान होकर वहीं गिरकर तड़पने लगा। हमलावर भाग निकले। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
उधर, घटना की सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद घायल का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे सीओ सिटी आलोक मिश्रा को बैरंग लौटना पड़ा। उनके पहुंचने से पहले ही इंदल रेफर हो चुका था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तालाब में मछली पालन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपियों की खोजबीन की जा रही है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।