बांदा। प्रशासन और पुलिस की तमाम तैयारियों के बीच कई केंद्रों में झड़प और मारपीट के बीच पंचायत चुनाव का पहला चरण निपट गया। मतदान के दिन अचानक बदले मौसम में बादलों के बीच दोनों ब्लाकों में जमकर वोट बरसे। बड़ोखर और महुआ ब्लाकों में मतदान का औसत 70 फीसदी रहा। कुछ गांवों में भारी मतदान की खबरें हैं। बड़ोखर ब्लाक के बूथों पर 72 और महुआ में 69 फीसदी वोट पड़े। देर शाम सीलबंद मतपेटियां स्ट्रांग रूम पहुंचा दी गईं। 2944 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत पेटियों में बंद हो गई।
ग्राम प्रधान और सदस्य के लिए दोनों ब्लाकों में 2944 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें बड़ोखर ब्लाक में प्रधान के 59 पदों के लिए 798 और 215 सदस्यों के लिए 777 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। उधर, महुआ ब्लाक में 76 ग्राम प्रधान पदों के लिए वोट पड़े। इसमें 996 प्रत्याशी थे। सदस्य के 325 पदों पर 673 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। कुछ गांवों में मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया। मौसम ने भी मतदान पर नखरे दिखाए।
सुबह से ही गहरे बादल छा जाने से मौसम सर्दीला रहा। बूढ़े और बीमारों को ठंडी हवाओं के बीच मतदान के लिए आना और लाइन में लगना काफी परेशानी भरा साबित हुआ। इसके बाद भी अति उम्र दराज से लेकर नए मतदाताओं तक ने मतदान में भाग लिया।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। पहले दो घंटों में दोनों ब्लाकों के बूथों पर मतदान का औसत 12 फीसदी के इर्दगिर्द रहा। दोपहर को आधे से ज्यादा मतदाता वोट डाल चुके थे। कमोवेश मतदान की यही रफ्तार महुआ ब्लाक के मतदान केंद्रों में रही। यहां भी दोपहर तक 50 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका था।
मतदान खत्म होने के बाद निर्वाचन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक बड़ोखर में 72 और महुआ ब्लाक में करीब 69 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले हैं। बड़ोखर ब्लाक के करछा गांव में 88.65, चमरहा में 84.85 फीसदी वोट पड़े। इसी क्षेत्र के दुरेड़ी गांव में 78, बसहरी में 74 और मटौंध ग्रामीण में 70 फीसदी मतदान हुआ।
अधिकांश बूथों में प्रत्याशी और उनके एजेंटों ने मतदान कर्मियों पर मतदान में सुस्ती बरतने के आरोप लगाते हुए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों व अधिकारियों से शिकायत की। अफसरों ने समझा-बुझाकर मामला रफादफा किया। कई बूथों में मतदान कर्मियों ने किसी प्रत्याशी विशेष के प्रति हमदर्दी या समर्थन के आरोप भी लगे।
शाम 4:30 बजे मतदान खत्म होने के बाद मतपेटियों को सील बंद कर डार्करूम पहुंचा दिया गया। बड़ोखर ब्लाक की मतपेटियां बांदा शहर के राजा देवी इंटर कालेज में और महुआ ब्लाक के बैलेट बाक्स गिरवां गांव में पंडित जेएन इंटर कालेज में बनाए गए डार्क रूम में रखी गई हैं।