बांदा। राम भक्तों ने रामनवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा में पूरी ताकत झोंक दी। पिछले वर्षों से भी बढ़-चढ़कर जुलूस और जश्न मनाया। भगवा झंडे-झंडियों और स्वागत द्वारों से सजे शहर में दोपहर बाद शुरू हुई शोभा यात्रा देर शाम तक आकर्षण का केंद्र रही। जोश में सराबोर युवाओं ने ‘घर-घर भगवा छाएगा, फिर रामराज आएगा’ इत्यादि गगन भेदी नारे लगाए।
दोपहर बाद करीब 3 बजे रामलीला ग्राउंड से जुलूस रवाना हुआ। स्टेशन रोड, अलीगंज चौकी, अमर टाकीज, चौक बाजार, कोतवाली रोड, झंडा चौराहा, बलखंडी नाका आदि रास्तों से गुजरता हुआ देर शाम रामलीला ग्राउंड में खत्म हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों से आईं लगभग 115 झांकिया शामिल थीं। हजारों में भगवा झंडों के बीच कई एक राष्ट्रीय ध्वज भी लहराते रहे।
युवा वाहिनी के कार्यकर्ता जुलूस के आगे थे। जुलूस मार्ग पर कई जगह स्वागत द्वार और मंच बनाए गए। कोतवाली के सामने सपाइयों का मंच सजा रहा। जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, सांसद विशंभर निषाद सहित महामंत्री राजेंद्र यादव, हसन सिद्दीकी, इम्त्याज खां, देवराज गुप्ता, शैलेंद्र यादव, कमल मौर्य, निर्भय मोंटी आदि उपस्थित थे। सपाइयों ने जुलूस पर फूल लुटाए और मिठाई बांटी।
मनिहारी तिराहे मेें मंच पर सदर विधायक विवेक कुमार सिंह ने जुलूस की अगुवानी की। साथ ही झांकियोें के आयोजकों को शील्ड बांटी। राजेश गौतम इत्यादि उपस्थित थे। अलीगंज में सपा नेता दिनेश शर्मा उर्फ दिन्ना, बीडीसी शैलेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा आदि ने पेठा और पानी बांटा। चौक बाजार में बर्तन विक्रेता एसोसिएशन ने शर्बत का लंगर किया।
रमेश गुप्ता, आशीष ओमर, बउवा आदि शामिल रहे। झंडा चौराहा में बजरंग दल नवयुवक समाज ने लस्सी और वाजपेई कांस्ट्रेशन के विनय वाजपेई ने पानी के पाउच बांटे। बलखंडीनाका में संतोष साहू, संतोष गुप्ता अनशनकारी और महेश गुप्ता ने मिठाई बांटी।
जुलूस और उसके रास्तों पर पूरे समय भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। महेश्वरी देवी मंदिर चौराहा पुलिस छावनी बना रहा। डीएम योगेश कुमार, एसपी राजेंद्र प्रसाद पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव, एसडीएम अनुज सिंह, एएसपी आशुतोष शुक्ल, सीओ विनोद सिंह, कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव यादव, देहात कोतवाली इंस्पेक्टर संजय यादव सहित क्राइम ब्रांच के पंकज पांडेय और अन्य थानों के थानाध्यक्ष और फोर्स लगातार जुलूस पर नजर रखे रहा।