फोटो- 18 युवती के साथ हिस्ट्रीशीटर मनीष चतुर्वेदी की वायरल फोटो। फेसबुक
बांदा। मटौंध थाना क्षेत्र के त्रिवेणी गांव में बुधवार दोपहर हुए दिवारी नृत्य कांड के बाद पूरा इलाका सन्नाटे में है। हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव की हत्या के बाद अब गांव के लोग दूसरे हिस्ट्रीशीटर मनीष चतुर्वेदी व मोहित चतुर्वेदी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक अपराधी का अंत तो दूसरे के हाथों हुआ, अब कानून को दूसरे हिस्ट्रीशीटर का अंत तय करना चाहिए।
बृहस्पतिवार को जब पोस्टमार्टम के बाद मुन्ना यादव का शव गांव पहुंचा तो भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की गलियों में रोष और खामोशी दोनों का मिला-जुला माहौल रहा। लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के साथ यह चर्चा करते रहे कि मुन्ना तो चला गया, लेकिन पुलिस ने अब भी मनीष और मोहित को नहीं पकड़ा, तो यह दोनों फिर किसी दिन किसी और की जान ले सकते हैं...।
ग्रामीणों के मुताबिक मुन्ना और मनीष दोनों का अपराधिक इतिहास पुराना है। दोनों के बीच इलाके में दबदबा कायम करने की होड़ रहती थी। दिवारी नृत्य के दौरान यही वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। मनीष ने मौके पर तमंचे से गोली चलाकर मुन्ना की जान ले ली और अपने भाई मोहित के साथ फरार हो गया।
गांव के लोगों का कहना है कि मनीष और उसका भाई पिछले कुछ वर्षों से पूरे इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके हैं। आए दिन गाली-गलौज, धमकी, महिलाओं से जेवर छीनना और चोरी जैसी वारदातें इनके नाम पर होती थीं। जब लोग पुलिस से शिकायत करते तो आरोपी किसी न किसी राजनीतिक या संगठनात्मक संरक्षण का हवाला देकर बच निकलता था।
एक ग्रामीण ने नाम न छापने के आग्रह पर बताया कि अब गांव में हर कोई यही चाहता है कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करे। अगर फिर किसी के दबाव में मामला दबा दिया गया, तो यह दोनों भाई किसी दिन और बड़ा अपराध कर बैठेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि मुख्य आरोपी मनीष और मोहित की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। गांव और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे जितना रसूखदार हो, अपराध का जवाब सजा से ही मिलेगा।
लड़की को प्रेम में फंसाकर वायरल की थी फोटो
बांदा।
हिस्ट्रीशीटर मनीष चतुर्वेदी चोरी, गाली-गलौज, धमकी व महिलाओं के जेवर लूटने के अलावा लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर फोटो खींचकर उन्हें ब्लैकमेल भी करता था। गांव के लोगों ने बताया कि अप्रैल 2019 में मनीष ने अपने सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर एक युवती के साथ फोटो पोस्ट की थी। जो गांव में काफी चर्चा का विषय रही थी। हालांकि उस पर तब कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।