चित्रकूटधाम मंडल में रविवार की शाम करीब पांच बजे आई भीषण आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। सैकड़ों पेड़ उखड़ गए या टूटकर गिर गए। टिन-टप्पर और झुग्गी-झोपड़ी धराशायी हो गईं। जगह-जगह बिजली के खंभे व तार टूटने से शहर और गांवों की बिजली गुल हो गई। कई मवेशियों की मौत हुई और कई लोग घायल हो गए।
कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और ओले भी गिरे। आंधी की रफ्तार 68 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। मौसम जानकारों के मुताबिक दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय दबाव सक्रिय बना हुआ है। इससे मौसम में यह बदलाव हो रहा है। मंगलवार को भी तेज आंधी, आंशिक बदली व बूंदाबांदी का अनुमान है।
सोमवार को सुबह छह बजे से बादल घिर आए और तेज बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान कुछ नीचे आ गया और ठंडी हवाओं के झोंके के बीच गर्मी गायब हो गई। लेकिन 9 बजे के बाद फिर तेज धूप खिल गई। दोपहर को पारा 46 डिग्री पहुंच गया। शाम पांच बजे करीब 68 किलोमीटर प्रति घंटा की अचानक आई आंधी ने जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।
हालांकि यह तूफान 10 से 15 मिनट में ही निकल गया। लेकिन तमाम बर्बादी के निशान छोड़ गया। पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय दबाव भी सक्रिय है। इससे मौसम में बदलाव हो रहा है। मंगलवार को भी तेज आंधी, आंशिक बदली व बूंदाबांदी का अनुमान है।
अतर्रा प्रतिनिधि के मुताबिक देर शाम आई तेज आंधी व बूंदाबादी ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन नगवारा गांव के निकट बजरंगपुर में बांस के कोट में बिजली गिर गई। पास में मौजूद नगवारा गांव की सुंदरलाल की पत्नी रेखा झुलस गई। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। यहीं सड़क किनारे राजेंद्र सिंह की पान गुमटी में बैठे 15 लोग बाल-बाल बच गए। नजदीक बिजली गिरने से भयभीत होकर सभी गिर पड़े।
.
आंधी में गिरे पेड़ से दबकर पांच भैंसों की मौत
नरैनी। सोमवार को शाम आई आंधी के बीच हड़हा, कबौली, बांसी आदि गांवों में बूंदाबांदी के बीच ओले भी गिरे। गोरे पुरवा गांव में पशु बाजार में बिक्री के लिए लाई गई 5 भैंसे पेड़ गिर जाने से दबकर मर गईं। दो भैंसों को घायल अवस्था में ग्रामीणों ने निकाल लिया। मंगलवार को यहां पशु बाजार लगती है। आसपास के पशुपालक अपने मवेशी लेकर सोमवार को यहां आ गए थे। शाम को आंधी उनके लिए कहर साबित हुई। ब्यूरो
गाज गिरने से एक घायल
अतर्रा। तेज आंधी और बूंदाबांदी के बीच नगवारा गांव के पास स्थित बजरंगपुर में बांसों के पेड़ में गिरी आकाशीय बिजली से आग लग गई। पास में मौजूद इस गांव के सुंदरलाल की पत्नी मामूली रूप से झुलस गई। उसका प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया। उधर, नजदीक में गुमटी में बैठे एक दर्जन से ज्यादा लोग भी गाज से बाल-बाल बच गए। कई लोग घबराकर भागे और गिरे। ब्यूरो