बांदा। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते करंट से छह वर्षीय राखी की मौत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि खंभे में बार-बार करंट उतरने की कोई सूचना नहीं दी गई। फिर भी जांच के बाद नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा निवासी भूरा प्रजापति की बेटी राखी बृहस्पतिवार की शाम कपड़े उठा रही थी। तभी घर के बाहर लगे बिजली खंभे में उतरे करंट से उसकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है। पिता भूरा का आरोप है कि पूर्व में खंभे में करंट से उसकी बकरी मर चुकी। कई बार बिजली विभाग में खंभा हटवाने के लिए अर्जी दी, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक बालिका के पिता की तहरीर पर बिजली विभाग के अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना उप निरीक्षक नागेंद्र पांडेय कर रहे हैं।
उधर, एक्सईएन (ग्रामीण) वीके मिश्रा का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। फिर भी जांच कराएंगे और शासन से नियमानुसार मुआवजा दिलाएंगे। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। अवर अभियंता मोहित सिंह ने बताया कि खंभे में करंट की उन्हें कोई सूचना नहीं मिली। न ही कोई शिकायत रजिस्टर में दर्ज है। फिर भी उन्होंने क्लेम फार्म भरकर डिवीजन को सौंप दिया है। सुरक्षा निदेशालय शाखा की जांच के बाद आश्रितों को मदद मुहैया कराई जाएगी। इस प्रक्रिया में लगभग एक माह का समय लगेगा।