मोटर पार्ट्स की दुकान में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। सब स्टेशन के सामने हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से आटो मोबाइल पार्ट्स की दुकान में आग लग गई। इससे डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति राख हो गई। फायर स्टेशन चंद कदम दूर होने पर भी अग्निशमन वाहन नहीं आ सका। पड़ोसियों ने ही आग बुझाई। शहर के मध्य स्थित पीलीकोठी 33/11 सब स्टेशन के सामने मंगलवार को तड़के करीब 5 बजे 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटकर गिरने से अजय किशोर की आटो पार्ट्स दुकान में आग लग गई। दुकानदार के मुताबिक 20 हजार रुपये कैश और लगभग सवा लाख रुपये का सामान जल गया। आसपास धुआं फैलने के बाद पड़ोसियों को भनक लगी। पड़ोसी दुकानदार किराना व्यवसायी जगदीशचंद्र ने दुकान मालिक को फोन पर खबर दी। उधर, आसपास के लोगों ने आग बुझाई। फायर ब्रिगेड नहीं आई, जबकि फायर स्टेशन चंद कदम दूरी पर है। उधर, एचटी लाइन टूटकर एलटी लाइन पर आ गिरने से हाईवोल्टेज हो गया। भाजपा कार्यालय समेत सुशील सहगल, चिंटू तलवार, अशोक तलवार आदि के घरों में टीवी, फ्रिज व अन्य इलेक्ट्रानिक व इलेक्ट्रिक उपकरण फुंक गए। उधर, इस बारे में बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि इस घटना में कोई मुआवजा या क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी। नियम के मुताबिक जनहानि पर मुआवजा देने का प्रावधान है।