बांदा। न संक्रमित की मौत थम रही और न ही कोरोना संक्रमण की रफ्तार कमजोर पड़ रही। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ दिया। मृतकों की संख्या बढ़कर 118 हो गई। उधर, 221 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 44 जिला अस्पताल के डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती 24 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला ने बुधवार को सुबह दम तोड़ दिया। सीएमओ डा.एनडी शर्मा ने बताया कि जनपद में अब मृतकों की कुल संख्या 118 हो गई। 221 नए संक्रमितों के साथ अब जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 9286 पहुंच गई। इनमें सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 1714 है। 304 अस्पताल और 1410 घरों में आइसोलेट हैं। सीएमओ ने बताया कि बुधवार को 1622 संदिग्धों के सैंपल लिए गए। अब तक 5 लाख 22 हजार 675 लोगों की जांच हो चुकी है।