बांदा। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह के आदेश पर नगर पालिका ने 22 टीमें लगाकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में सैनिटाइजेशन का काम शुरू किया। इनमें से 20 टीमों द्वारा बुधवार को कंटेनमेंट जोन गायत्री नगर, गुलाब बाग, अलीगंज, खाईंपार, बिजली खेड़ा, चौसठ जोगिनी आदि मोहल्लों में सैनिटाइजेशन किया गया।
ईओ नगर पालिका ने बताया कि ट्रैक्टर माउंटेड सैनिटाइजेशन मशीन द्वारा भीड़ भरे क्षेत्र मुख्य बाजार, सार्वजनिक स्थल, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, स्वराज कालोनी, इंदिरा नगर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों में सैनिटाइजेशन किया गया। फागिग व एंटीलार्वा का छिड़काव किया गया। नगर पालिका की ओर से बांस बल्ली लगाकर कंटेनमेंट जोन को प्रतिबंधित किया गया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर साप्ताहिक बंदी दिवस पर मंगलवार को भीड़ वाले स्थानों पर साफ-सफाई अवश्य रखने की कवायद की जा रही है।
-----------
बसों की लॉगबुक व ईंधन की पर्ची आज लें
बांदा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अधिगृहीत सभी स्कूली और प्राइवेट बसों के संचालक 22 व 23 अप्रैल को जिला बचत कार्यालय में अपनी बसों की लॉगबुक व ईंधन की पर्ची प्राप्त कर लें। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव के लिए बसों का अधिग्रहण किया जा चुका है। सभी वाहन धारक समय से लॉगबुक प्राप्त कर वाहन प्रस्तुत कर दें। वाहनों के भाड़ा भुगतान के लिए अपने बैंक खाता व आईएफएससी कोड की सूचना भी साथ लेकर आएं।