हिंदी प्रश्न पत्र के साथ बृहस्पतिवार से इलाहाबाद बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। तमाम कवायद के बाद भी कई सेंटरों में परीक्षार्थियों को दुश्वारियों से जूझना पड़ेगा।
कहीं कक्षों में पर्याप्त रोशन नहीं है तो कहीं शौचालयों की साफ-सुथरी व्यवस्था नहीं है। उधर, पूर्व संध्या पर बुधवार को ज्यादातर केंद्रों में अपनी सीट और कक्षा देखने के लिए परीक्षार्थियों की गहमा-गहमी रही।
जनपद के 40 विद्यालयों में 48,381 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 28,440 और इंटर के 19,891 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा की शुरूआत सुबह 7:30 बजे हिंदी प्रश्न पत्र से होगी। परीथार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय देते हुए 10:45 बजे तक परीक्षा होगी।
बांदा तहसील में 24, अतर्रा में 17, बबेरू में 14, नरैनी में आठ और पैलानी तहसील में सात परीक्षा केंद्रों में सीटिंग प्लान किया गया है। कुछ स्कूलों में टूटे-फूटे फर्नीचरों को काम चलाऊ मरम्मत के साथ रखा गया है। कई कॉलेजों में प्रवेश पत्र बांटने में का काम अंतिम दिन तक जारी रहा।
इनमें आर्य कन्या इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, खानकाह इंटर कॉलेज, ओमर वैश्य इंटर कॉलेज आदि शामिल हैं। मुख्यालय के जीआईसी में कक्षों में रोशनी कम होने से परीक्षार्थियों को आंखें गड़ानी पड़ेंगी।
जीजीआईसी में छात्राओं को शौचालय के लिए जाने पर घासपूस से गुजरना होगा। परीक्षा प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि छात्राओं को स्वकेंद्र परीक्षा की सुविधा हासिल है जबकि छात्रों को दूसरे केंद्रों में परीक्षा देनी होगी। अलबत्ता संबधित विद्यालय के दो टीचर्स को छात्रों के परीक्षा केंद्र में ड्यूटी में लगाया जाएगा। कुल 2468 परीक्षक ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
कंट्रोल रूम शुरू, सुबह 6 से रात 8:30 तक चलेगा
बोर्ड परीक्षा के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। नंबर 05192-272391 प्रात: 6 बजे से रात 8:30 बजे तक चालू रहेगा। डीआईओएस का संपर्क फोन नंबर 9454457409 है।
परीक्षा प्रभारी कृष्ण गोपाल का नंबर 9794786324 है। कंट्रोल रूम में दो पालियों में प्रात: 6:30 से दोपहर 1:30 बजे तक और दूसरी पाली में 1:30 से रात 8:30 तक ड्यूटी रहेगी। दोनों पालियों में तीन-तीन कर्मचारी लगाए गए हैं।
18 को राइटर की सुविधा, 20 हजार ‘बी’ कापी कम आईं
18 परीक्षार्थियों को राइटर की स्वीकृति मिली है। इनमें 16 दृष्टिहीन और दो विकलांग हैं। परीक्षा प्रभारी ने बताया कि ये सभी स्पर्श विद्यालय, महोखर के हैं। राइटर की शिक्षा परीक्षार्थी से एक कक्षा कम है। उन्हें अलग कमरे में बैठाया जाएगा ताकि कोई अन्य उत्तर न सुन सके। इन परीक्षार्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
उधर इंटर में 20 हजार ‘बी’ कापी कम आई हैं। इस बारे में बोर्ड को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है।