बांदा। जीवन में जड़ी बूटियों का बड़ा महत्व है। ये औषिधियों के रूप में हमें जीवन में निरोग रहने की क्षमता देती हैं और विकास करती हैं। जड़ी बूटी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबंधित विशेषज्ञों ने यह बात कही।
जिला परिषद बांदा हाल में आयोजित जड़ी बूटी दिवस में भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आरंभ स्वागत गीत के साथ हुआ और फिर आचार्य बालकृष्ण के जीवन से जुड़ीं बातों के साथ प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि बुंदेलखंड विकास बोर्ड के अध्यक्ष एपी सिंह पटेल व विशिष्ट अतिथि जिला आयुर्वेद यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह पटेल ने जड़ी बूटियों से जुड़ी कई जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि जरूरी है कि जड़ी बूटियों का संरक्षण किया जाए और उन्हें खत्म होने से रोका जाए। यदि जड़ी बूटियों को हम बचा लेते हैं तो अंग्रेजी दवाओं व महंगे इलाज से ही नहीं बल्कि कई बीमारियों से भी हम खुद को सुरक्षित कर लेंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक दवा वितरित की गई और प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम में अध्यक्षता रामरूप सिंह व संचालन मंडल अध्यक्ष सजल कुमार ने किया। कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी राम प्रकाश याज्ञिक, आर्यावर्त बैंक के पूर्व प्रबंधक राम लखन कुशवाहा, विश्राम सिंह, बहोरीलाल प्रजापति, अशोक कुमार शुक्ला, राहुल जैन, विनय कुमार सिंह, एसएन साहू, उदयभान नामदेव आदि मौजूद रहे।