बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सोमवार 21 जून को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य आम लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
मंडल के अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. आरबी गौतम ने बताया कि लॉकडाउन में पिछले दो माह से आयोजन नहीं हो पा रहा था। अब स्वास्थ्य सेवाएं फिर पटरी पर आ गईं हैं। 21 जून को परिवार खुशहाल दिवस आयोजन के लिए हरेक आशा को कम से कम एक अंतरा लाभार्थी बनाने का जिम्मा मंडल के सभी सीएमओ को दिया गया है। एनएचएम के मंडलीय प्रबंधक आलोक कुमार का कहना है कि परिवार नियोजन सुविधाओं को समय से पहुंचाना हमारा दायित्व है। मंडलीय लॉजिस्टिक मैनेजर अमृता राज ने बताया कि आशा कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई कि वह कम से कम एक महिला को अंतरा का लाभ लेने को प्रेरित करे। हर ब्लॉक में 40 अंतरा इंजेक्शन का लक्ष्य तय किया गया है। आशाएं घर-घर जाकर परिवार नियोजन के संसाधन बांटेंगी। महामारी से बचाव के लिए भी प्रेरित करेंगी। (संवाद)