निर्वाचन नामावलियों के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षामित्र तैनात होने के कारण परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं समय पर कराना संभव नहीं हो सका। इसी वजह से बेसिक शिक्षा विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब यह परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होने के बजाय 10 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच आयोजित की जाएंगी।
चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में कुल 4,788 परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें बांदा के 1725, चित्रकूट के 1256, हमीरपुर के 967 व महोबा के 840 स्कूल शामिल हैं। इन विद्यालयों में पांच लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनकी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पहले 28 नवंबर से प्रस्तावित थीं। शिक्षक और शिक्षामित्रों की एसआईआर कार्य में अनिवार्य नियुक्ति के चलते परीक्षा संचालन में बड़ी बाधा उत्पन्न हो गई थी। इस स्थिति को देखते हुए शिक्षा निदेशक बेसिक प्रताप सिंह बघेल ने नया कार्यक्रम जारी किया है। संशोधित समयसारिणी के अनुसार परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तथा द्वितीय पाली में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक कराई जाएंगी।
सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा रती वर्मा ने बताया कि सभी जिलों को निर्देश भेज दिए गए हैं तथा स्कूलों को नई तिथियों के अनुसार तैयारी करने को कहा गया है।