फोटो -29- अतर्रा के मोहल्ला सिविल लाइन में लोगों के दरवाजे में भरा गंदा पानी। संवाद
- एसडीएम के निर्देश पर नहर पट्टी का रास्ता कटवाकर शुरू कराई जलनिकासी
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। बीस दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से नगर पालिका की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों की गलियां और मुख्य सड़कें जलमग्न हैं। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भरने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
जलभराव से परेशान मोहल्ला सिविल लाइन के शैलेंद्र, मोतीलाल, नारायण, पप्पू समेत करीब एक दर्जन लोगों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को पत्र सौंपकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की थी।
रविवार दोपहर एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा के निर्देश पर ईओ विजेता गुप्ता पालिका कर्मचारियों के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचीं। डाइवर्जन मार्ग स्थित नहर पट्टी का रास्ता जेसीबी से करीब सात फीट कटवाकर उसे केन नहर से जोड़ा गया। इसके बाद कई इलाकों में भरे पानी की निकासी शुरू हो सकी।
-
इन मोहल्लों में ज्यादा परेशानी
आजाद नगर, शास्त्री नगर, अत्रीनगर, शिवपुरी, तुलसी नगर, लाई मंडी, लखन कॉलोनी, सिविल लाइन, सुदामपुरी, ब्रह्मनगर समेत हिन्दू इंटर कॉलेज के खेल मैदान में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर गंदा पानी भरा है। ईओ विजेता गुप्ता ने बताया कि पालिका की टीम जलनिकासी में जुटी है। जल्द ही कस्बे के जलभराव की समस्या को दूर कराया जाएगा।