बांदा। परिषदीय परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए गए तमाम दावे और वादे खोखले साबित हुए। कहा जा रहा था कि बोर्ड की तर्ज पर परिषदीय स्कूलोें मेें भी परीक्षा होगी। इसके लिए भारी भरकम बजट भी मिला है लेकिन परीक्षा के दौरान स्कूलोें में वही अफरातफरी और अंधेरगर्दी के नजारे हैं जो आम दिनों में यहां रहते हैं। कक्षाओं मेें गुरुजी फोन पर मैच का मजा ले रहे तो कहीं बच्चे बाबा रामदेव का योग करते रहे। परीक्षा का माहौल दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा। बुधवार को प्राइमरी परीक्षा का दूसरा दिन था। गणित का प्रश्न पत्र था। अमर उजाला टीम ने जायजा लिया तो जो जैसा दिखा प्रस्तुत है स्कूलों की रिपोर्ट...
प्राथमिक विद्यालय, गूलरनाका: सुबह 9:50 बजे, मुख्य गेट के चैनल पर मोटी लोहे की जंजीर से ताला जड़ा रहा। ताकि कोई अंदर न आ सके। एक कक्ष में सहायक अध्यापक रेखा गुप्ता अपने बच्चे को साथ बैठाए परीक्षा संबंधी ड्यूटी निपटाती रहीं। इसी कमरे में प्रबंध समिति की अध्यक्ष एक महिला छात्रा से बातचीत करती रहीं। बोलीं, घर की बच्ची है। उसे समझा रही हूं। प्रधानाध्यापक शहनाज कुरैशी ने बताया कि 113 में बच्चों में सिर्फ तीन गैरहाजिर हैं।
प्राथमिक विद्यालय, खाईपार: सुबह 10:30 बजे, यहां भी मुख्य गेट पर ताला जड़ा रहा। एक ही कमरे में सभी कक्षाओं के बच्चों को बैठाकर परीक्षा की रस्म अदायगी की गई। कक्षा में यह आलम था कि कोई बच्चा खेल रहा तो कोई उछलकूद कर रहा था। एक बालक तो सिर के बल खड़ा होकर योगासन कर रहा था। टीचर गोपालदास बोले उल्टी-सीधी फोटो छप गई तो नौकरी खतरे में पड़ जाएगी लेकिन बच्चे फिर भी नहीं माने। प्रधानाध्यापक सुनीता देवी ने बताया कि 89 बच्चों में 67 उपस्थित हैं। 22 नहीं आए। बताया कि अनुपस्थित बच्चे ईंट भट्ठा मजदूरी में गए अपने अभिभावकों के साथ चले गए हैं।
प्राइमरी पाठशाला, मर्दननाका: सुबह 10:50 बजे, दो कमरों में गिने-चुने बच्चे। टीचर वेद प्रकाश मेज पर पैर रखे कुर्सी पर विराजमान और मोबाइल फोन पर विश्वकप में न्यूजीलैंड के हाथों भारत को मिली पराजय की चर्चा में मशगूल। अमर उजाला टीम को देखते ही बोले घर से फोन आ गया था। प्रधानाचार्य अवकेश सिंह को मलाल था कि पिछली बार स्कूल बंद होने की खबर छप जाने से उन्हें काफी घाटा हुआ। बताया कि 97 बच्चों में 85 उपस्थित हैं। 12 गैरहाजिर हैं।
प्राइमरी विद्यालय, लुधौरा: सुबह 11:15 बजे, एक ही कमरे में सभी कक्षाओं के बच्चों को बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी। टीम को देखते ही प्रधानाध्यापक शकुंतला देवी बोलीं इसी साल रिटायरमेंट है, ऐसा कुछ मत छापिएगा की दिक्कत हो जाए। बताया कि 100 बच्चों में 82 परीक्षा दे रहे हैं। 18 अनुपस्थित हैं।