प्रधान कार्यालय में प्रदर्शन करते इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
आश्रितों को नौकरी और पेंशन की मांग लेकर यूपी ग्रामीण बैंक आफीसर्स आर्गनाइजेशन ने प्रदर्शन किया। वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन में चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो हड़ताल को मजबूर होंगे।
आल इंडिया ग्रामीण बैंक आफीसर्स एवं वर्कर्स आर्गनाइजेशन के आह्वान पर सोमवार को स्थानीय बैंक अधिकारियों ने डीएम कालोनी स्थित प्रधान कार्यालय में नारेबाजी की। धरना संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष आरएन सिंह ने कहा कि 29 अक्तूबर 1993 से राष्ट्रीय कृत बैंकों की तरह समान पेंशन लागू की जाए। उन्होंने वित्त मंत्रालय (भारत सरकार) पर ग्रामीण बैंकों के प्रति भेदभाव का भी आरोप लगाया।
बाद में वित्त मंत्रालय को संबोधित ज्ञापन इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक अध्यक्ष एमएन पटेल को दिया। इसमें अखिल भारतीय ग्रामीण बैंक स्थापना, मृतक आश्रितों को नौकरी, मित्रा कमेटी हटाने, सफाई कर्मियों व संदेश वाहक नियमित करने, राष्ट्रीय कृत बैंकों की तरह प्रमोशन, भेदभाव खत्म करने आदि मांगें शामिल रहीं।
चेतावनी दी कि ग्रामीण बैंक कर्मियों की मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आल इंडिया स्तर पर ग्रामीण बैंक कर्मी हड़ताल करेंगे। इस अवसर पर महामंत्री मनोज कुमार, सुनील कुमार पालीवाल, एमपी अग्निहोत्री, गुरु प्रसाद गुप्ता, आरके शिवहरे, शिवशंकर गुप्ता, चंद्रभान गुप्ता, प्रवीण अनूप आदि मौजूद रहे।