बांदा। अतर्रा के हिंदू इंटर काॅलेज की जनसभा में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पुलिस भर्ती का पेपर लीक कराने का आरोप भाजपा सरकार ही लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि भर्ती हो और लोगों को नौकरी मिलं। वर्ना उसे आरक्षण के आधार पर नौकरियां देनी पड़ जातीं। इसी कारण खुद सरकार ने ही पेपर लीक कराकर परीक्षा रद्द करा दी।
उन्होंने कहा कि जिन 60 लाख युवाओं के सपने चकनाचूर हुए हैं, वहीं परिजनों के साथ मिलकर इस चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे। यह भी कहा कि चार चरणों के चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो चुकी है। हालात यह हैं कि भाजपा में अब आसुंओं की नदियां बह रही हैं।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा और बसपा ने हाथ मिला लिया है, लेकिन इंडियां गठबंधन इन दोनों को संविधान से छेड़छाड़ नहीं करने देगा। लोगों को बताना जरूरी है कि जिस तरह कोरोना वैक्सीन से अब जान पर खतरा मंडरा रहा है, उसी तरह भाजपा से संविधान को भी खतरा है। कहा कि भाजपा सरकार तो खाद की बोरी से भी चोरी करने से बाज नहीं आई। किसानों की हालत दिन पर दिन खराब होती जा रही है।
भाजपा ने बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड को बदनाम किया है। पहले खनन का आरोप लगाते थे, अब इनके नेता ही खनन माफिया हो गए हैं। बुंदेलखंड के लोग चुनाव में भाजपा के अहंकार को खंड-खंड कर देंगे। कहा कि अग्निवीरों की नौकरी ही नहीं घटी बल्कि नेता जी ने शहीदों को जो सम्मान दिलाने की शुरुआत की थी, इन वीरों को तो वह भी नहीं मिलेगा।
पिछले विधानसभा चुनाव के वक्त सरकार ने मुफ्त राशन की मात्रा बढ़ा दी थी, बाद में रिफाइंड, दाल व चना सब गायब हो गया। आज गांव-गांव एंबुलेंस नहीं जा पा रही है। डिफेंस कॉरिडोर के नाम पर भी कुछ नहीं हुआ। पूंजीपतियों का कर्ज माफ हुआ पर किसानों का नहीं। बिजली मिल नहीं रही और सरकार है कि मीटर लगाने पर तुली है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन को दिया गया एक वोट इस बार दो सरकारें गिराने का काम करेगा।