बांदा। समर कैंप की तैयारी में जुटे कबड्डी खिलाड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में पसीना बहा रहे हैं। नि:शुल्क कोचिंग दे रहे प्रशिक्षक भी कबड्डी खिलाड़ियों के साथ खूब मेहनत कर रहे हैं।
यूपी कबड्डी एसोसिएशन के जिला महासचिव व प्रशिक्षक कमल यादव ने बताया कि स्टेडियम में एक जून से 15 जून तक समर कैंप लगेगा। इसमें 70 से 80 कबड्डी खिलाड़ी शामिल होंगे। कैंप के दौरान प्रत्येक बच्चे को कबड्डी किट वितरित की जाएगी। इसमें हाफ पैंट, टीशर्ट और चेंजर टीशर्ट शामिल होंगी। कैंप सुबह पांच से आठ बजे तक और शाम को चार बजे से होगा।
सुबह शारीरिक अभ्यास और शाम को मैच होगा। खाने में रोज खिलाड़ियों को काजू, बादाम, पिस्ता, दूध का मेवा दिया जाएगा। दो अंडे, ब्रेड मक्खन, मौसमी फल, चना, मूंगफली भी मिलेगा। इस कैंप के दौरान दो दिन के लिए अन्य जिलों से भी टीमें आएंगी। इनमें खरेला (महोबा), बनारस और मेरठ की टीमें शामिल हैं। इन टीमों के साथ स्टेडियम में कबड्डी मैच होगा। विजेता टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इनसेट....
स्टेडियम की उत्कृष्ट कबड्डी खिलाड़ी
अल्तिफा मंसूरी जयपुर में तीन से छह जनवरी को हुए नेशनल कबड्डी गेम में यूपी टीम (अंडर-17) की सदस्य रही हैं। सब जूनियर (अंडर 16) में भी यूपी टीम की सदस्य के रूप में खेल चुकी हैं।
जिया खान कर्नाटक में 29 जनवरी से दो फरवरी के बीच हुए नेशनल कबड्डी में यूपी टीम (अंडर 19) की सदस्य रही हैं। प्रदर्शन बेहतर हाेने के बावजूद टीम क्वार्टर फाइनल में हार गई थी।