फिल्म इंडस्ट्रीज में अपना धमाल मचाने के लिए बुंदेलखंड के कलाकारों को मौका मिला है। साइन स्टोन मोशन पिक्चर्स द्वारा फिल्माई जा रही एलबम ‘उंगली पुंगली 2’ के गाने ‘झटका दिल’ की शूटिंग बांदा के ऐतिहासिक रनगढ़ और केन नदी में की गई है।
वर्ष 2015 में रिलीज होने वाला यह पहला गाना है। एलबम में सभी कलाकार (एक्टर) बुंदेलखंड के हैं। एक्टर्स का कहना है कि बुंदेलखंड में शूटिंग के बहुत अच्छे लोकेशन हैं।
प्रोड्यूसर अंश कश्यप ने बताया कि सोमवार को गाने की शूटिंग में तमाशाइयों का काफी हुजूम उमड़ा। शीघ्र ही अगली फिल्म मुंबई और लखनऊ में शूट होगी। उसमें भी बुंदेलखंड के कलाकारों को मौका मिलेगा।
एलबम में जो कलाकार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं उनमें एक्टर मुकेश रंजन और एक्ट्रेस ममता रावत हैं। इनके अलावा बुंदेलखंड के अक्षय सिंह उर्फ जाहर सिंह (बांदा), प्रियांशु सक्सेना (बांदा), प्रतिमा वाजपेई, नित्या और प्राची मिश्रा (हमीरपुर), कौलेंद्र ओझा (बांदा) और इशिका (भरुआ सुमेरपुर) शामिल हैं।
गाने के सिंगर और कंपोजर तनिष्क बागची, प्रोड्यूसर अंश कश्यप, डायरेक्टर आशीष कुमार कश्यप और कोरियोग्राफर अभिलाष गुप्ता हैं। एक्टर मुकेश रंजन का कहना है कि बुंदेलखंड में शूटिंग के लिए बहुत अच्छे लोकेशन हैं। भारत के टॉप-10 लोकेशन में बुंदेलखंड को शामिल किया जाना चाहिए।