नरैनी (बांदा)। मायके जा रही एक महिला के बैग से किसी ने सोने व चांदी के जेवर पार कर दिए। महिला ने नरैनी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जनपद जालौन के थाना कालपी क्षेत्र के गांव परासन निवासी रोशनी सोनी मंगलवार को अपने पिता बेटू सोनी के साथ अपनी छह महीने की बेटी को लेकर मायके मध्य प्रदेश के अजयगढ़ जा रही थीं। वह सुमेरपुर से ट्रेन के जरिए अतर्रा पहुंची और फिर वहां से एक टैक्सी में बैठकर नरैनी पहुंची। नरैनी से वह दूसरी टैक्सी में बैठकर अजयगढ़ के लिए रवाना हुई थी।
नसेनी गांव के पास उसने अपना बैग खोलकर देखा तो उसके अंदर रखे सोने व चांदी के जेवर गायब थे। जेवरों में सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, लॉकेट व कुछ चांदी का सामान था। रोशनी सोनी ने नरैनी थाने में पहुंचकर चोरी की तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक भाष्कर मिश्रा ने बताया कि अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। टीम भेजकर घटना की जांच कराई जा रही है।