मिलिट्री भर्ती के लिए चल प्रशिक्षण में दौड़ में भाग लेते प्रतिभागी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। सेना में भर्ती की तैयारी के लिए रविवार को एनसीसी कैडेट्स और अन्य प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ढाई सौ से ज्यादा बेरोजगार इसमें शामिल हुए। दौड़ में सफल प्रतिभागियों की सोमवार (18 जुलाई) को लिखित परीक्षा होगी। जेएन डिग्री कालेज में प्रशिक्षण 15 जुलाई से चल रहा है। मेडिकल परीक्षण और शारीरिक नापजोख पहले ही हो चुकी है। रविवार को जेएन डिग्री कालेज ग्राउंड में दौड़ की परीक्षा हुई। इसमें 250 छात्रों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दौड़ में सफल छात्र लिखित परीक्षा देंगे।
यह परीक्षा शाम तीन बजे से होगी। दौड़ और परीक्षा के अंक मिलाकर मेरिट में आने वाले छात्रों को एनसीसी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि जनपद में सेना में भर्ती के पूर्व प्रशिक्षण पहली बार हो रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को फौज में भर्ती होने के प्रति प्रेरित करना है। प्रथम चरण में लगभग छह सौ युवक अपना मेडिकल परीक्षण करा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 18 से 24 जुलाई तक शारीरिक प्रशिक्षण होगा। यह रोज सुबह छह से आठ बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अतर्रा के युवाओं का शारीरिक प्रशिक्षण अतर्रा स्थित हिंदू इंटर कालेज में होगा। बांदा और आसपास के क्षेत्रों के युवक जेएन डिग्री कालेज, बांदा में प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के मौके पर सूबेदार मेजर दिनेश प्रसाद, नायब सूबेदार जगदीश सिंह, हवलदार केश बहादुर थापा, हवलदार संता सिंह, लक्ष्मण प्रसाद सहित चीफ आफीसर मंगल प्रसाद उपस्थित रहे।