बांदा। शादी से इनकार पर स्वजातीय कथित प्रेमी के घर में घुसकर युवती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र की है। एक गांव की 18 वर्षीय युवती शुक्रवार की शाम कथित 20 वर्षीय प्रेमी युवक के घर पहुंच गई और शादी का दबाव बनाया। युवक के माता-पिता द्वारा इनकार कर देने पर युवती ने आंगन में ही जहर खा लिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती युवती ने बताया कि तीन साल से युवक और उसके बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक के घरवाले शादी नहीं करना चाहते थे। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया। उधर, युवक के पिता ने प्रेम-प्रसंग की बात से इनकार किया है।
उसका कहना है कि बेटा लखनऊ में इंटर में पढ़ता है। युवती ही जबरन शादी के लिए दबाव बना रही है। उसके घरवालों से भी इसकी शिकायत की गई। हालांकि युवती के परिजनों ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर प्रतिमा सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है। जांच की जा रही है।