बांदा/अतर्रा। संदिग्ध हालात में युवती का शव तालाब किनारे झोपड़ी में साड़ी के फंदे में लटकता मिला। परिजन घटना के बारे में स्पष्ट नहीं बता सके। पुलिस आत्महत्या मान रही है। उधर, अलग-अलग घटनाओं में महिला और युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतर्रा थाना क्षेत्र के नंदना गांव में राधा (18) पुत्री लखनलाल धूमर का शव गांव के बाहर तालाब किनारे स्थित झोपड़ी धन्नी में साड़ी के फंदे से लटका पाया गया। बाहर उसके छोटे भाई रो रहे थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। राधा के पैर बक्से में रखे थे।
घटना की स्थिति पर परिजन असमंजस में हैं। घरवालों ने बताया कि घटना के कुछ देर पहले मां सदाप्यारी बकरियां चराने गई थी। पिता मजदूरी करने गया था। मृतका तीन भाइयों में सबसे बड़ी थी। इंस्पेक्टर रविंद्र तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है।
उधर, नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव में सूरजकली (40) पत्नी छंगू ने बुधवार की रात घर में कमरा बंद कर साड़ी से फांसी लगा ली। परिजनों ने दरवाजा खोलकर उसे फंदे से उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की वजह घरेलू कलह बताई गई।
एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव गांव में रामनरेश (30) पुत्र फूलचंद्र ने गुरुवार को सुबह घर में रस्सी से फांसी लगा ली। पिता ने देखा और हंसिया से रस्सी काटकर उसे फंदे से उतारा। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना की वजह आर्थिक तंगी बताई जा रही है।
तीन युवकों ने जहर खाया
बांदा। अलग-अलग घटनाओं तीन युवकों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर के मर्दन नाका में अंकित (20) ने गुरुवार को दोपहर जहरीला पदार्थ पी लिया। उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। अहार (बबेरू) गांव में बाला प्रसाद (22) और खुरहंड (गिरवां) गांव में मुकेश (25) ने बुधवार को शाम अपने-अपने घरों में जहर पी लिया। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।