पैलानी (बांदा)। महालक्ष्मी के त्योहार पर बंधे में नहाने के बाद पूजा कर परिवार के साथ लौट रही नौ वर्षीय बालिका ओवरफ्लो नाले में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजन ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी अखिलेश ने बताया कि उसकी भतीजी वंदना (9) शनिवार सुबह मां संतोषी, बुआ आरती और दादी शांति के साथ बंधे में नहाने व पूजा करने गई थी। लौटते समय गांव के पास ओवरफ्लो नाले की पुलिया पार करते समय वंदना और उसका पांच वर्षीय फुफेरा भाई नैतिक यादव फिसलकर पानी में गिर गए। परिजनों ने नैतिक को बाहर निकाल लिया जबकि वंदना पानी में डूब गई।
काफी प्रयास के बाद वंदना को भी बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वंदना दो बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी और कक्षा तीन में पढ़ती थी। मां संतोषी यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता खेती करते हैं। चिल्ला थानाध्यक्ष आनंद साहू ने बताया कि नाले में डूबने से बालिका की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।