बांदा/अतर्रा। सड़क हादसों में पांच बाइक सवारों समेत नौ लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बदौसा थाना क्षेत्र के गर्गनपुरवा के राज किशोर (24), सेमरिया कुशल के चुनूबाद (55) व लखनी थोक बिसंडा के बच्चीलाल (26) सोमवार शाम को चौसड़ बल्लान से मेला देखकर लौट रहे थे। बाइक पेड़ से टकरा गई। तीनों घायल हो गए।
उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव के मशर्रत खां (35) और उसका मामा लल्लू (40) मंगलवार को दोपहर बाइक से नरैनी से लौटते समय सीएचसी अतर्रा के पास ट्रक की टक्कर से घायल हो गए। उधर, अतर्रा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव की रनुवा (50) मंगलवार को सुबह अतर्रा से गांव जाते समय तुर्रा बस स्टॉप पर जीप की टक्कर से घायल हो गईं।
सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, शहर के झील का पुरवा निवासी शैलेंद्र सिंह (15) मंगलवार दोपहर को बांदा आते समय लोडर से गिरकर घायल हो गया। उधर, कबरई (महोबा) थाना क्षेत्र के बघारी गांव निवासी रवि (10) और लहुरेटा (नरैनी) गांव में गुलशिफा (6) सोमवार की रात छत से गिरकर घायल हो गईं।