अतर्रा। घर से खेत की रखवाली के लिए निकला वृद्ध लापता हो गया। नाले के पास खून और घसीटने के निशान तथा पानी में कपड़े आदि मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। नाले में तलाश के बाद भी देर शाम तक वृद्ध का कुछ पता नहीं चला।
खुरहंड (गिरवां) पुलिस चौकी क्षेत्र के तेंदुही गांव में रविवार की देर रात पुल्लू उर्फ अवध बिहारी (58) पुत्र जगप्रसाद गौतम घर से खेत जाने के लिए निकला था। सुबह देर तक न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई।
गांव से कुछ दूरी पर गड़रा नाले में उसका डंडा, कपड़े आदि पानी में पड़े मिले। साथ ही नजदीक में खून के निशान थे। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। गिरवां थाना इंस्पेक्टर बलजीत सिंह व खुरहंड चौकी प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और नाले में वृद्ध की तलाश शुरू करा दी।
गोताखोरों की भी मदद ली गई, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चला। मृतक के छोटे भाई राकेश गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या की आशंका जताई है। अवध बिहारी सूरत में रहकर काम करता था। दो बीघा जमीन है।