बांदा। उज्ज्वला नि:शुल्क एलपीजी गैस सिलिंडर योजना में अब लाभार्थी को गैस की कीमत दी जाएगी। उसके खाते में गैस का पैसा भेजा जाएगा। यह योजना 30 जून तक 14.2 किलोग्राम सिलिंडर पर ही लागू रहेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के खातों में पहली रिफिल के लिए पैसा हस्तांतरित करने की प्रक्रिया 3 या 4 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी। बैंक खाते में क्रेडिट हो जाने और बैंक से पुष्टि मिल जाने पर ग्राहक को एसएमएस भेजा जाएगा कि वह सिलिंडर बुक कर सकता है। कंपनी/वितरक सिलिंडर के वितरण पर लाभार्थी को रिफिल कैश मेमो पर छपे मूल्य के अनुसार खुदरा मूल्य का भुगतान करेगा।
दूसरी रिफिलिंग के लिए पहली नि:शुल्क रिफलिंग की डिलीवरी और उसके बाद की बुकिंग के बीच 15 दिनों के अंतराल पर मौजूदा प्रतिबंध होगा कि एक कलेंडर माह में केवल एक ही सिलिंडर दिया जाएगा। अगले माह की दो तारीख तक कंपनी अग्रिम राशि के लिए ग्राहक को पैसा हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
यह तभी होगी जब ग्राहक ने पिछले महीने रिफिल का लाभ लिया हो। यानी अगर ग्राहक ने अप्रैल के लिए एडवांस प्राप्त किया था, लेकिन रिफिल नहीं कराई तो उसे मई में कोई अग्रिम भुगतान नहीं मिलेगा। यह भी कहा गया है कि ग्राहक इन तीन महीनों में रिफिल नहीं लेता तो 31 मार्च 2021 तक रिफिल लेने के लिए अग्रिम उपयोग कर सकता है। इस बाबत विवरण और जानकारियां वितरक एजेंसी से मिल सकेंगी।