बांदा। संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती युवती की ससुराल में मौत हो गई। मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में ससुरालीजनों पर हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के दुल्हाथोक में शनिवार की रात सोनम (26) पत्नी हर्ष वर्धन सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह पांच माह की गर्भवती थी। पति ने बताया कि रविवार की सुबह सोनम के पेट में अचानक दर्द शुरू होने पर उसे पहले प्राइवेट नर्सिंग होम व बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
शाम को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर, बबेरू के रयान गांव निवासी मृतका के भाई अनूप सिंह पुत्र रामनरेश सिंह ने पुलिस को बताया कि पति ट्रांसपोर्टर है। सोनम से वर्ष 2013 में उसका प्रेम विवाह हुआ था।
ससुराल के लोग इस शादी से नाखुश थे और प्रताड़ित करते थे। मृतका के पांच साल का एक बेटा भी है। थाना इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।