नरैनी। सरकारी नौकरी के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे और बाद में प्राइवेट कंपनी का नियुक्ति पत्र थमा दिया। पीड़ित युवक ने सीएम पोर्टल में इसकी शिकायत करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा राजनगर निवासी आवेश खां ने सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। सरकारी नौकरी लगवाने को लेकर उसकी बातचीत शहर बांदा के एक व्यक्ति से हुई। उन्होंने सरकारी नौकरी लगवाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की।
बताया कि लखनऊ में उसकी अच्छी पकड़ है। महोबा में विकास अधिकारी की जगह खाली है। यदि विकास अधिकारी बनना है तो जल्द रुपयों की व्यवस्था कर दो। इस पर उसने झांसे में आकर दो किश्तों में पांच लाख रुपये दे दिए। उसने एक नियुक्ति पत्र भी दिया। उसके द्वारा ज्वाइन करने के बाद पता चला कि नौकरी प्राइवेट है। उसने कहा कि सरकारी नौकरी की बात हुई थी। यह तो प्राइवेट नौकरी है।
उसने पैसे वापस करने की बात कही तो कहा कि नौकरी करना हो तो करो ना करना हो ना करो पैसे वापस नहीं होंगे। वह व्यक्ति बबेरू तहसील में राजस्व निरीक्षक पद पर कार्यरत है। उक्त व्यक्ति द्वारा शासकीय नौकरी का झांसा देकर ठगी की गई है।