फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झाड़ू पंजा थामने को चार हजार सवर्ण तैयार

Mon, 08 Aug 2016 11:45 PM IST
ब्यूरो अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
डाकघर में सफाईकर्मी भर्ती का आवेदन जमा करते अभ्यर्थी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बांदा। बेरोजगारी जो न कराए वह थोड़ा। मिले रोजगार तो सब कुछ करने को हैं तैयार। यह कहावत सफाई कर्मी भर्ती में साफ नजर आ रही है। निकायों में झाड़ू-पंजे की नौकरी के लिए सवर्ण युवाओं ने अहम तक त्याग दिया है। जिस पेशे को निकृष्ट समझते थे, अब वही पेशा अपनाने को तैयार हैं।
विज्ञापन


निकायों में सफाई कर्मियों की भर्ती के आवेदन की सोमवार को अंतिम तिथि थी। 258 पदों के लिए प्रधान डाकघर में 15,663 आवेदन जमा हुए हैं। इनमें चार हजार से ज्यादा उच्च जाति के बेरोजगारों के आवेदन हैं। इनमें युवतियां भी शामिल हैं। 
वाल्मीकि समाज कर रहा विरोध
बांदा। झाड़ू लगाने का पुश्तैनी पेशा बताने वाला वाल्मीकि समाज सफाई कर्मियों की भर्ती में उच्च वर्ग के लोगों की सेंधमारी से खफा है। समाज के नेता लगातार विरोध कर रहे हैं। विरोध का परचम राजधानी तक लहराने को लखनऊ कूच कर गए हैं।
विज्ञापन


सफाई कर्मचारी संघ जिला महामंत्री सुनील कुमार का कहना है कि यह पेशा सिर्फ शेड्यूल कास्ट का है। सदियों से यही चल रहा है। अब सरकार इसमें भी सामान्य वर्ग को शामिल कर उनके पेट पर लात मार रही है। वाल्मीकि समाज के तमाम युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। अगर ठाकुर और ब्राह्मण नालियां साफ करेंगे और झाड़ू लगाएंगे तो हमारा समाज क्या करेगा? क्या उसे मंदिर में पुजारी का स्थान मिलेगा?

जरूरतें मिटा रही असमानता
बांदा। पंडित जेएन महाविद्यालय की समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मला शर्मा का कहना है कि समय की जरूरत समाज की असमानता को मिटा रही है। पहले सवर्णों को उनके पारंपरिक पेशे में काफी गुंजाइश थी। अब यह समय के साथ बदल रहा है। महंगाई और जरूरतें बढ़ रही हैं। इस कारण यह समानता स्वाभाविक है। अब चाहे नौकरी क्षेत्र हो या व्यवसायिक व अन्य क्षेत्र। हर क्षेत्र में हर वर्ग के लोग भागीदारी कर रहे हैं। भले ही मजबूरी में।

भर्ती में ये हैं सेवा शर्तें
बांदा। नगर पालिका व नगर पंचायतों में संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती हो रही हैं। जिले में 258 पदों के लिए रजिस्टर्ड डाक से आठ अगस्त तक आवेदन मांगे थे। नगर पालिका बांदा में 142 पदों में 72 अनारक्षित, 30 अनुसूचित जाति, 02 जन जाति और 38 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। अतर्रा नगर पालिका में 59 पदों में 29 सामान्य, 13 अनुसूचित जाति, 01 जनजाति और 16 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं।

बबेरू में 17 पदों में सामान्य के लिए 08, नरैनी में 21 पदों में 10, तिंदवारी में 6 पदों में 3, बिसंडा में 10 पदों में 5 और ओरन नगर पंचायत में 3 पदों में एक अनारक्षित है। पहले से संविदा या ठेके पर कार्यरत सफाईकर्मियों को वरीयता दी जानी है।

कब कहां होंगे साक्षात्कार
बांदा। नगर पालिका बांदा व नगर पंचायत बबेरू में 11 अगस्त, अतर्रा नगर पालिका और ओरन नगर पंचायत में 20 अगस्त, नरैनी में 16, तिंदवारी में 19, बिसंडा में 22 अगस्त को साक्षात्कार होंगे। डीएम की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति आवेदकों का साक्षात्कार लेकर संविदा पर नियुक्ति करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें