किसान के बच्चों से बातचीत करते पूर्व विधायक दलजीत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
जसपुरा सब स्टेशन में बिजली संकट के विरोध में धरना दे रहे किसानों में शामिल रहे गौरी कलां गांव के किसान लक्ष्मण कोटार्य ने खेत के पास ही पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष दलजीत सिंह ने किसान के मासूम बच्चों और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
किसान की आत्महत्या के बाद उसके तीन बच्चों दीपक (11), दुर्गेश (6) और पुत्री दीपांशी (5) तथा पत्नी शांति की स्थिति दयनीय है। दलजीत सिंह ने उन्हें पारिवारिक लाभ योजना का भी लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। यहां के बाद पूर्व विधायक पिपरहरी गांव पहुंचे और हाल ही में सड़क दुर्घटना में चल बसे किसान जगजीवन (43) के परिजनों से भी मिलकर शोक संवेदना जताई। जगजीवन साइकिल पर खाद लेकर घर आ रहा था।
ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया था। पूर्व विधायक ने छिरहुंटा गांव में किसान रामरतन यादव की आकस्मिक मृत्यु पर उसके परिजनों से भेंट की और सांत्वना दी। पूर्व विधायक के साथ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जगन्नाथ, युवा कांग्रेस अध्यक्ष केशव पाल, रंजीत यादव, रामकिशोर पाल, संजय सोनकर, देवकीनंदन तिवारी और संतोष सैनी आदि शामिल रहे।