former,crops,mandi,mandalayoukta,centre
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार कुशवाहा ने गेहूं खरीद शुरू होने के पहले दिन बृहस्पतिवार को केंद्रों का निरीक्षण किया। मुख्यालय के मंडी समिति स्थित विपणन केंद्र व एफसीआई केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन पर किसान का पूरा गेहूं खरीदा जाए। गेहूं पतला, गंदा व गीला आदि बताकर अनावश्यक किसानों को लौटाया न जाए।
अतर्रा के विपणन शाखा केंद्र में व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। निर्देश दिए कि नियमित केंद्र खोले जाएं। विशिष्ट मंडी खैराड़ा में स्थित गेहूं गोदाम का भी निरीक्षण किया। जिला विपणन अधिकारी को जिले में 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं रखने की व्यवस्था को कहा। मटौंध में विपणन के क्रय केंद्र में बैनर में समर्थन मूल्य लिखने व किसानों के बैठने के लिए टेंट और पानी-बिजली आदि की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उनके साथ एडीएम संतोष बहादुर सिंह, जिला विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय, मंडी सचिव विभा आदि मौजूद थे। (संवाद)