तिंदवारी (बांदा)। बांदा-फतेहपुर हाईवे पर सोमवार सुबह दो डंपरों के ओवरटेक करने में एक डंपर गलत साइड में आ गया।
उसने सामने से आ रहे स्कूटी सवार वन विभाग के लिपिक को टक्कर मार दी। डंपर के नीचे आने से लिपिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डंपर का परिजनों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
तिंदवारी भगवती नगर निवासी अब्दुल मजीद ने बताया कि चचेरे भाई शाहिद सिद्दीकी (40) वन विभाग बांदा में लिपिक पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वह स्कूटी से ड्यूटी के लिए बांदा जा रहे थे। मुंगुस गांव के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट दो डंपर ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान एक डंपर गलत साइड में आ गया और शाहिद की स्कूटी में टक्कर मार दी। डंपर के नीचे आने से उनकी मौत हो गई। हेलमेट और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
शाहिद दो भाइयों में बड़े थे। पत्नी फरजाना हैं। उनके कोई संतान नहीं है। पिता अब्दुल वारिस सिद्दीकी वन विभाग से सेवानिवृत्त हैं। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि ओवरटेक के दौरान हादसा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डंपर कब्जे में है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।