बांदा/बबेरू/कमासिन। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए
तिंदवारी में दो और बबेरू में चार तथा कमासिन में तीन प्रत्याशियों ने ने
पर्चे खरीदे। शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन
ने ब्लाक कार्यालयों के पास बैरीकेडिंग लगाकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की
है।
तिंदवारी ब्लाक के सहायक निर्वाचन अधिकारी अख्तर हुसैन ने बताया
कि उनके यहां अंकिता यादव व सुनीता यादव (मूंगुस) ने दो-दो सेटों में
नामांकन पत्र खरीदे हैं।
अंकिता बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव की
बहू व सपा समर्थित प्रत्याशी है। उधर, सुनीता को भाजपा ने प्रत्याशी घोषित
किया है। यहां नामांकन के समय ब्लाक कार्यालय से 200 मीटर तक समर्थकों के
प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यहां ब्लाक प्रमुख पद पिछड़ी जाति महिला के लिए
आरक्षित है।
उधर, बबेरू ब्लाक में चार प्रत्याशियों ने पर्चे
खरीदे। सहायक निर्वाचन अधिकारी योगेश कुमार रावल ने बताया कि नामांकन पत्र
खरीदने वालों में शिरोमन (टोलाकाजी), सुमन देवी (बगेहटा), ने दो-दो तथा
राजाबाई वर्मा (अहार) और अच्छेलाल (बबेरू ग्रामीण) ने तीन सेट में पर्चे
खरीदे।
यहां प्रमुख पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। शुक्रवार
को नामांकन के समय प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक व अनुमोदक के सिवा किसी को
प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
निरक्षर, दृष्टिबाधित अथवा किसी बीमारी से असक्त मतदाता 48 घंटे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी से सहायक के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कमासिन
प्रतिनिधि के मुताबिक एआरओ उमेशचंद्र कटियार ने बताया कि यहां ब्लाक
प्रमुख पद के लिए नीलम देवी (कुम्हेढ़ासानी), मिथलेश कुमारी (बिनवठ) व छेदी
(राघवपुर) ने नामांकन पत्र खरीदे। यह सीट अनुसूचित जाति महिला के लिए
आरक्षित है।