बांदा। ग्राम पंचायतों में बने ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्रों पर दबंगों ने कब्जा कर लिए है और उनमें चारा भूसा व ग्रहस्थी का सामान भरे हुए हैं। सूचना पर पहुंचे जिला कार्यक्रम अधिकारी ने दो आंगनबाड़ी केंद्रों को कब्जा मुक्त कराया।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या 1705 है। लेकिन विभागीय आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या 348 है। लेकिन ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्रों पर दबंग कब्जा किए हुए है। आंगनबाड़ी प्राथमिक विद्यालयों में केंद्र चला रही है। शिकायत मिलने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी केएन तिवारी बबेरू विकास खंड के आंगनबाड़ी केंद्र हरदौली पहुंचे। केंद्र में चारा, भूसा व गृहस्थी का सामान, चारपाई आदि देखकर दंग रह गए।
उन्होंने इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी व डीपीआरओ को दी। केंद्र को खाली कराने के लिए थाने से पुलिस मांगी लेकिन पुलिस नहीं मिली। बाद में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने छह घंटे तक गांव में रूककर आंगनबाड़ी केंद्र कों खाली कराया। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र चंदवारा में नाई की दुकान खुली मिली। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने तत्काल नाई की दुकान को हटवाकर केंद्र को खाली कराया और वहां पर रंगाई पुताई कराकर केंद्र स्थापित कराया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि प्रधानों की सह से आंगनबाड़ी केंद्रों में दबंग काबिज है। गांवदारी के कारण आंगनबाड़ी कुछ नहीं बोल पाती है। कब्जे की शिकायत मिलने तत्काल भवन को खाली कराया जाता है।