अतर्रा। तहसील क्षेत्र के गांव अनथुवा में ग्राम पंचायत की बेशकीमती जमीन पर लोगों ने प्लाटिंग के लिए बनाए गए अवैध कच्चे रास्ते और पुलिया के लिए गड़रा नदी की जलनिकासी रोक दी।
इससे अनथुवा समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों की फसलें, सड़कें और आम रास्ते बीते करीब एक पखवाड़े से जलमग्न हैं। घरों और स्कूलों में भी पानी भरने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक अनथुवा स्थित गड़रा नाला (नदी) में ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा कर प्लाटिंग के लिए निजी रास्ता और पुलिया का निर्माण कराया गया था। जलनिकासी बाधित होने से अनथुवा, तिंदुही, नंदना, रहुसत, नगनेधी, गुमाई सहित कई मजरों में खेत पानी में डूब गए। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की।
शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों की शिकायत पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीएम ने जेसीबी बुलाकर अवैध कच्चे रास्ते और पुलिया को तुड़वाना शुरू कराया। कार्रवाई के दौरान जलमग्न रास्ते में जेसीबी फंस गई, जिसके बाद दूसरी जेसीबी बुलाकर निर्माण हटाने का काम जारी रखा गया।
एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अवैध पुलिया को हटाकर जलनिकासी बहाल कराई जा रही है। सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।