माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा से पहले केंद्र व्यवस्थापक हर हाल में फर्नीचर आदि की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें। यदि बोर्ड परीक्षार्थी टाट-फट्टी पर बैठे मिले तो केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये निर्देश डीआईओएस एनडी वर्मा ने बुधवार को बजरंग इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्यों की बैठक में दिए।
बोर्ड परीक्षा व शिक्षा से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के लिए यहां सभी सरकारी, एडेड और वित्त विहीन मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्यों की बैठक में डीआईओएस ने कहा कि पूर्व दशम व दशमोत्तर छात्रवृत्ति फार्मों का सत्यापन कर प्रमाण पत्र जमा करें। पंजीकरण में हुई त्रुटियां जल्द दुरुस्त की जाएं।
इंस्पायर एवार्ड योजना के तहत जिन प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं के आनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कराए वे दो दिन के अंदर पंजीयन कराएं। अगल सत्र पहली अप्रैल से शुरू हो रहा है। इसके मद्देनजर 19 फरवरी से बोर्ड परीक्षा निर्धारित हैं।
बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने की। प्रधानाचार्य जीजीआईसी संतोष कुमार देव पांडेय, जीजीआईसी शशिकला, डीएवी इंद्र कुमार सिंह, श्रीगणेश द्विवेदी (गिरवां) आदि मौजूद रहे।