बांदा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की नवनिर्वाचित प्रदेश समिति में चित्रकूटधाम मंडल के खाते में कई महत्वपूर्ण पद आए हैं। पांच पदाधिकारी बांदा और चित्रकूट जनपदों के हैं। इसके अलावा चित्रकूटधाम मंडल और बांदा व चित्रकूट जनपदों के अध्यक्ष व महामंत्री भी घोषित किए गए हैं।
शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की पहली बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्र ने इस बैठक में चित्रकूटधाम मंडल के चार व्यापारी नेताओं को प्रदेश स्तरीय पद सौंपे हैं। इनमें बांदा के राजकुमार राज और मनोज कुमार जैन को प्रदेश संगठन मंत्री मनोनीत किया है। कर्वी (चित्रकूट) के मुकुल अग्रवाल प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। बांदा के राधेश्याम मसुरहा को प्रदेश कार्य समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। बांदा के चारूचंद खरे पहले ही प्रदेश के संयुक्त महामंत्री चुने जा चुके हैं।
संयुक्त मंत्री ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने चित्रकूटधाम मंडल अध्यक्ष पद पर विष्णु कुमार गुप्ता (बांदा) और महामंत्री पद पर बनवारीलाल गुप्ता (कबरई, महोबा) को मनोनीत किया है। इसके अलावा सत्य प्रकाश सर्राफ को बांदा जिलाध्यक्ष और कमलेश कुमार गुप्ता को जिला महामंत्री मनोनीत किया है। युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पद अमित सेठ भोलू मनोनीत हुए हैं। इसी तरह चित्रकूट जनपद में ओम केशरवानी (कर्वी) को जिलाध्यक्ष और सुशील कुमार गुप्ता कक्का (कर्वी) को जिला महामंत्री बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने अध्यक्ष और महामंत्रियों को निर्देश दिया है कि अपने पदाधिकारी, महिला, युवा एवं आईटी मंच का शीघ्र गठन करके सूची अनुमोदन के लिए प्रदेश कार्यालय को भेजें।