बांदा। यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा में स्कूलों में चलने वाली सेमेस्टर व प्री-बोर्ड की परीक्षाएं आड़े आ रही है। जिले में 10 हजार से अधिक अभ्यार्थियों के लिए 24 केंद्रों की जरूरत है लेकिन अभी तक प्रशासन महज 19 स्कूलों को ही परीक्षा के लिए राजी कर सका है। पांच केंद्रों ने यह कहकर हाथ खड़े कर दिए हैं कि उनके यहां प्री-बोर्ड परीक्षाएं चल रहीं हैं।
शासन ने यूपी कांस्टेबल परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। 17 व 18 फरवरी परीक्षाएं कराई जाएंगी। जिले में 10 हजार अभ्यार्थियों को परीक्षा देनी है। इसके लिए शासन ने प्रशासन से 24 विद्यालयों की मांग की है लेकिन ज्यादातर स्कूलों में सेमेस्टर व प्री-बोर्ड की परीक्षा होने से विद्यालय पुलिस भर्ती परीक्षा करवाने से कतरा रहे हैं। अभी तक महज बमुश्किल 19 विद्यालयों ने ही परीक्षा की अनुमति दी।
पंडित जेएलएन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बांदा, एकलव्य महाविद्यालय दुरेड़ी, केपी शास्त्री महाविद्यालय बदौसा, आर्य कन्या इंटर कॉलेज. बांदा, आदर्श शिक्षा निकेतन बांदा ने परीक्षा कराने से इनकार कर दिया है। पांच विद्यालयों को राजी करने में प्रशासन ने पसीना छोड़ दिया है। डीआईओएस विजय कुमार का कहना है कि जिन विद्यालयों में परीक्षा संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध है उनमें खुद की परीक्षाएं चल रही है। 19 केंद्रों की सूची शासन को भेज दी गई है।