पुलिस की गिरफ्त में एटीएम काटने वाले चोर गैंग के सदस्य।
- फोटो : पुलिस।
बांदा। कुछ माह पहले कानपुर के किदवई नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम काटकर 1.38 करोड़ रुपये चुराने वाले गिरोह पांच बदमाशों को पैलानी पुलिस ने गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो सगे भाई हैं। आरोपियों के पास से तमंचे, एटीएम काटने के उपकरण, नकदी और कार बरामद हुई है।
अपर एसपी शिवराज ने बताया कि गुरुवार की रात पैलानी पुलिस ने गश्त के दौरान नरी गांव के पास घेराबंदी कर कार सवार बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से दो तमंचे, एक कार, लोहे के सब्बल, हथौड़ी, पेचकस, ग्राइंडर मशीन आदि बरामद हुए। आरोपियों में कानपुर की सीओडी काॅलोनी कोयला नगर निवासी अंकित सिंह, डेरापुर के हथूमा गांव निवासी विनय कुमार त्रिपाठी, हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चांद थोक निवासी अभाष शुक्ला, हथूमा गांव निवासी अंकित त्रिपाठी उर्फ गोलू और आशीष त्रिपाठी शामिल हैं। अंकित त्रिपाठी और आशीष त्रिपाठी सगे भाई हैं। इनके पास से 13,194 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपियों ने बताया कि गिरोह बनाकर कानपुर और आसपास के जिलों में एटीएम काटकर रुपये चोरी करते हैं।
गुरुवार की रात पैलानी कस्बे में एटीएम काटकर चोरी करने की साजिश कर रहे थे, तभी पकड़े गए हैं। आरोपियों ने बताया कि मार्च/अप्रैल में साथियों के साथ मिलकर कानपुर के किदवई नगर से बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम को काटकर करीब एक करोड़ 38 लाख की चोरी की थी। इस मामले में तीन आरोपियों को कानपुर पुलिस ने 18 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।