बांबेश्वर पर्वत में स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग की सफाई करता भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। सावन के पहले सोमवार की मंदिरों से लेकर गलियों तक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धा के मुख्य केंद्र बांबेश्वर पर्वत पर स्थित शिव मंदिर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। सक्रिय गुफा में स्थित शिवलिंग के दर्शन के लिए महिला और पुरुषों के प्रवेश की अलग-अलग कतारें लगेंगी। मंदिर के पट तड़के चार बजे खोल दिए जाएंगे। देर रात बंद होंगे। मंदिर की गलियों में वाहनों पर प्रतिबंद रहेगा।25 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। शहर का प्राचीन बांबेश्वर शिव मंदिर श्रद्धा का सबसे बड़ा केंद्र है। यूं तो पूरे सावन माह यहां श्रद्धा की बहार रहेगी लेकिन पहले सोमवार को लेकर भी काफी उत्साह है। रविवार को पूर्व संध्या पर मंदिर को श्रद्धालुआें के लिए सुविधाजनक बनाने के साथ ही सजाया और संवारा भी गया है।
मंदिर के पुजारी बेटा महाराज ने बताया कि तड़के चार बजे आरती के बाद मंदिर के पट खुल जाएंगे। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश के रास्ते बनाए गए हैं। गुफा के अंदर दर्शन के लिए महिला और पुरुषों को अलग-अलग प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश द्वार पर ही प्रसाद का वितरण होगा। मंदिर प्रबंध समिति और स्वयंसेवी कार्यकर्ता पूरे समय श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहेंगे। उधर, प्रशासन ने भी श्रद्धालु की भीड़ के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) प्रभात कुमार ने बताया कि मंदिर में कालवनगंज और बलखंडीनाका चौकियों का फोर्स तथा चौकी प्रभारी तैनात रहेंगे। श्रद्धालु या कोई अन्य व्यक्ति अपने वाहन मंदिर की ओर नहीं ले जा सकेंगे। साईं मंदिर, कैलाशपुरी और कालवनगंज पुलिस चौकी के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई।