बांदा। शहर के कालू कुआं चौराहे पर बबेरू रोड स्थित इलेक्ट्रिकल्स शोरूम में रविवार रात शाॅर्ट-सर्किट से आग लग गई।
आग की जानकारी देर से होने के कारण लपटें पूरे शोरूम में फैल गईं। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शोरूम में रखा सामान जल चुका था। करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
कालू कुआं निवासी अनिल गुप्ता का बबेरू रोड पर दो मंजिला मकान है। मकान के निचले हिस्से में उनका परिवार रहता है, जबकि ऊपरी मंजिल पर विनायक ई-कॉन एलईडी सेंटर नाम से इलेक्ट्रिकल्स शोरूम संचालित है। अनिल गुप्ता ग्रेट व्हाइट और बीपीएल कंपनियों के डीलर हैं। शोरूम में इन कंपनियों के स्विच, एमसीबी, तार, पंखे, गीजर, पाइप समेत अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरण रखे थे। वह थोक विक्रेता भी हैं।
रविवार रात करीब 11:20 बजे अनिल गुप्ता इंद्रानगर में किसी काम से गए थे। इसी दौरान उन्हें शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। वह तत्काल घर पहुंचे और लोगों की मदद से शटर खुलवाया। उनकी सूचना पर कुछ ही देर में अग्निशमन अधिकारी कुलदीप कुमार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग बुझा दी।
अनिल गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रविवार रात करीब आठ बजे शोरूम बंद किया था। आग कितने बजे लगी, इसकी जानकारी नहीं है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। उन्होंने करीब 40 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया है।
-
ग्राहक सेवा केंद्र के उपकरण भी जलने की आशंका
अग्निशमन अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि शोरूम के आगे एक किनारे पर बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) का ग्राहक सेवा केंद्र भी संचालित था। आग की चपेट में आने से वहां रखे उपकरण भी जलने की आशंका है। ग्राहक सेवा केंद्र में कंप्यूटर, फिंगरप्रिंट मशीन, अभिलेख और रुपये समेत अन्य सामान रहता है।
-
शटर खुलते ही तेजी से फैली आग, बीडीए से स्वीकृत नहीं मकान का नक्शा
संचालक अनिल गुप्ता ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो शटर खोलने में कुछ देरी हुई। उन्हें आशंका थी कि कहीं शटर में करंट न उतर रहा हो। कुछ लोगों ने जांच कर करंट नहीं होने की पुष्टि की, इसके बाद शटर खोला गया।
उस समय दुकान के कुछ हिस्से में ही आग लगी थी, लेकिन शटर खुलते ही आग तेजी से फैल गई और पूरे शोरूम को चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि मकान काफी पुराना है, इसलिए बांदा विकास प्राधिकरण (बीडीए) से नक्शा स्वीकृत नहीं है।
-
फोटो-15- आग लगने के दौरान रात में बचाव कार्य करते दमकलकर्मी। संवाद