अतर्रा। धमकियों से परेशान होकर मां और भाई के आत्महत्या के मामले में छोटे भाई ने आरोपी रिश्तेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला राजनगर निवासी शिवम गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी मां गोमती को रिश्तेदार रामभवन गुप्ता ब्लैकमेल कर रहा था और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इससे क्षुब्ध होकर एक अगस्त को मां ने जान दे दी थी।
इसके बाद आरोपी ने बड़े भाई सत्यम गुप्ता (22) को भी जान से मारने की धमकी दी, जिससे परेशान होकर उसने बीते शनिवार की रात आत्महत्या कर ली। शिवम की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी देने, अपशब्द कहने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।