बांदा। नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान शुरू होते ही हवा निकल गई। परिवहन विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत यातायात पुलिस और खुद परिवहन विभाग ने बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 100-100 वाहनों का चालान किया। यानी दो लाख से अधिक का जुर्माना भरने के बावजूद बाइक सवार हेलमेट लगाने को तैयार नहीं हैं।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन विभाग ने पहली सितंबर से नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान शुरू किया था। पेट्रोल पंपों से सहयोग करने की अपील की गई थी। परिवहन विभाग ने शिकंजा कसते हुए पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की, वहां बिना हेलमेट लगाए बाइक पर पेट्रोल भरवाने आने वाले लोगों का चालान किया।
यह आंकड़ा 100 तक पहुंच गया। यातायात पुलिस ने भी रुटीन चेकिंग करते हुए 100 से अधिक बाइकों का एक सप्ताह में चालान किया। मोटे तौर पर अगर 200 बाइकों का चालान मानें तो एक बाइक का बिना हेलमेट होने पर एक हजार रुपये का चालान होता है। ऐसी स्थिति में 200 बाइकों में दो लाख रुपये का चालान हो गया। दो लाख रुपये का जुर्माना भरने के बावजूद बाइक सवार हेलमेट लगाने को तैयार नहीं हैं। संभागीय परिवहन विभाग के द्वारा नो हेलमेट नो फ्यूल का शुरू किया गया अभियान शुरू होते ही धड़ाम हो गया।
-
एक वाहन का पांच बार चालान होने पर रद होगा लाइसेंस
बांदा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल ने कहा कि बिना हेलमेट बाइक चलाते पाए जाने पर एक हजार रुपये का चालान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक वाहन का पांच बार चालान होने के बाद संबंधित व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस रद किया जाएगा। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से बाइक चलाते समय हेलमेट लगाए जाने की अपील की है। (संवाद)
पेट्रोल पंप संचालकों से भी सहयोग की अपील
बांदा। सहायक संभागीय परिवहन परिवहन अधिकारी श्यामलाल और यात्री व माल कर अधिकारी रामसुमेर यादव ने नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान के तहत बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न देने की अपील की है। कहा है कि पेट्रोल पंप संचालकों के सहयोग से अभियान को सफलता मिलेगी और सड़क हादसों में होने वाली जनहानि में भी कमी आएगी। (संवाद)
यातायात पुलिस भी लगातार कर रही चेकिंग
बांदा। शहर के अति व्यस्त चौराहों पर यातायात पुलिस लगातार बिना हेलमेट या फिर तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने पर लगातार कार्रवाई कर रही है। यातायात प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि शहर के जजी चौराहे, बाबूलाल चौराहे, महाराणा प्रताप चौक, कालूकुआं चौराहे समेत पुलिस लाइन तिराहे आदि स्थानों पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी के द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। बिना हेलमेट बाइक चलाने या फिर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)