फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंकड़ों से फाइलें सजीं, निरीक्षण स्थल का रंगरोगन

विज्ञापन
बांदा के तिंदवारी स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण करते डीएम हीरा लाल व एसपी गणेश साहा। - फोटो : BANDA
विज्ञापन
बांदा। विकास का खुशगवार खाका खींचने वाले आंकड़ों से फाइलें सज गई हैं। रंगरोगन से निरीक्षण स्थलों की कायापलट हो गई। ऐसे में पूरे आसार हैं कि रविवार को मात्र तीन घंटे के लिए भ्रमण पर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सबकुछ ठीक नजर आएगा। ऐसा संभव करने के लिए पूरे प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। रातोंरात कृषि विश्वविद्यालय, तिंदवारी में गोशाला, थाना, पीएचसी और क्षेत्र पंचायत कार्यालय के नजारे बदल गए हैं।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ इसके पहले तीन बार चित्रकूटधाम मंडल के विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर चुके हैं। उनकी समीक्षा बैठकें चित्रकूट और बांदा में हुईं। बांदा में दूसरी बार मंडलस्तरीय समीक्षा बैठक होने जा रही है। इसके पूर्व 12 अप्रैल 2018 को योगी ने चित्रकूट (कर्वी) कलक्ट्रेट सभागार में मंडल के चारों जिलों की समीक्षा की थी। बांदा कलक्ट्रेट में उन्होंने 20 मई 2017 को मंडलस्तरीय समीक्षा बैठक ली थी।
अधिकारियों व कर्मचारियों को मुख्यमंत्री की पिछली बैठकों से काफी सबक मिल चुका है। यही वजह है कि अब एक बार फिर उनकी आमद को लेकर तैयारियां तो हैं पर अधिकारियों और कर्मचारियों के चेहरे पर बहुत ज्यादा चिंता या परेशानी नजर नहीं आ रही। उन्हें भरोसा है कि पिछली बैठकों की तरह यह भी ठीकठाक और खैरियत से निपट जाएगी।
विज्ञापन

पिछली बैठक के बाद से नहीं आया बदलाव
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की पिछली समीक्षा बैठक पर नजर डालें तो तब से अब के हालातों में कुछ खास बदलाव नहीं आया है। मुख्यमंत्री को परोसी जाने वाली आंकड़ों की बुकलेट में भले ही विकास की रफ्तार बढ़ी हुई दिखाई गई हो, पर जमीनी आंकड़े विपरीत हैं। मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण में तिंदवारी में गोशाला का मुआयना भी शामिल है। 20 अप्रैल 2018 को चित्रकूट में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री को बैठक के निर्धारित एजेंडों से जुड़े विभागों ने जो ‘प्रगति पुस्तिका’ पेश की थी, उसमें चित्रकूटधाम मंडल में 18 गोशालाओं पर 3 करोड़ 8 लाख 57 हजार 100 रुपये का खर्च दिखाए गए थे।
5500 लोगों को मुफ्त चारा किट बांटने के आंकड़े थे। अब 20 माह बाद मुख्यमंत्री फिर समीक्षा को आए हैं। उन्हें तिंदवारी में गोशाला का निरीक्षण भी करना है। मंडल में अन्ना पशुओं की समस्या वैसी ही है। मौजूदा समय में भी चारों जिलों में 2 लाख 13 हजार से ज्यादा अन्ना पशु हैं। गांवों में बनाई गई अस्थायी गोशाला में सबसे बड़ा संकट बजट का है। ग्राम पंचायतों को पर्याप्त पैसा नहीं मिला। चारा-भूसा, टिनशेड, पानी का इंतजाम नहीं है।
फाइलों में 100 फीसदी खत्म, सड़कों पर गड्ढे
बांदा। गड्ढामुक्त सड़कें मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। सत्ता संभालते ही उन्होंने इस पर जोर दिया था। अभियान चले। मई 2017 में मुख्यमंत्री की बांदा कलक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में दिए आंकड़ों में पीडब्ल्यूडी ने मंडल के चारों जिलों में 832 किलोमीटर सड़कें गड्ढामुक्त कर देना बताया था। हालांकि गड्ढायुक्त सड़कें 2351 किलोमीटर थीं। तब 17 करोड़ 92 लाख रुपये गड्ढों को भरने में खर्च बताए गए थे।
इस वर्ष भी प्रदेश सरकार ने 30 नवंबर तक सभी सड़कें गड्ढामुक्त करने का हुक्म दिया था। पीडब्ल्यूडी ने फाइलों में 100 फीसदी सड़कें गड्ढामुक्त कर दीं। इनकी दूरी 771.89 किलोमीटर बताई है। एक करोड़ 43 लाख रुपये खर्च बताए हैं, जबकि हाईवे से लेकर जिले के मार्ग तक अभी भी गड्ढे की अवस्था में हैं। मंडल मुख्यालय की कई सड़कें तो ध्वस्त हो चुकी हैं। इन्हीं में एक दुरेड़ी संपर्क मार्ग है। यह 7 किलोमीटर है। 2016-17 में 74 लाख रुपये से बनी थी।
3 घंटा 10 मिनट में निरीक्षण और बैठक
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ रविवार (8 दिसंबर) को दोपहर 12.50 बजे कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर आएंगे। यहां से वह सीधे तिंदवारी प्रस्थान करेंगे। 1.20 से 2 बजे तक तिंदवारी में कान्हा गोशाला, थाना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खंड विकास कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। 2.20 पर वापस कृषि विश्वविद्यालय आएंगे। यहां आधा घंटा उनका समय आरक्षित रहेगा। 2.50 से शाम 4 बजे तक चित्रकूटधाम मंडल में विकास और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके तत्काल बाद 4 बजे मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से लखनऊ कूच कर जाएंगे। मुख्यमंत्री का कुल 3 घंटा 10 मिनट का कार्यक्रम होगा।
आज इन सड़कों पर न लेकर जाएं वाहन
बांदा। मुख्यमंत्री के आगमन पर शहर का उत्तरी इलाके का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा। कृषि विश्वविद्यालय से लेकर तिंदवारी तक अन्य वाहनों के लिए प्रतिबंध रहेगा। शनिवार को पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन में कहा गया है कि रविवार को प्रात: 5 बजे से ही नो-इंट्री लागू हो जाएगी। कृषि विश्वविद्यालय से मवई चौराहा, महोखर चौराहा होते हुए तिंदवारी तक सुबह 10 से शाम 4.30 बजे तक कोई भी वाहन नहीं जाएगा। इसी तरह बबेरू से तिंदवारी की ओर इस समय में कोई वाहन नहीं जाएगा।
पपरेंदा/बंबिया से तिंदवारी की तरफ भी वाहनों पर रोक रहेगी। बांदा शहर के कालूकुआं चौराहे से तिंदवारी रोड की तरफ किसी दशा में कोई वाहन प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। भूरागढ़ बाईपास से कोई वाहन न तो शहर की तरफ आएगा, न विश्वविद्यालय की तरफ जाएगा। महोखर चौराहा तथा आरटीओ आफिस की तरफ से मवई तथा तिंदवारी की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। कनवारा चौराहा व मवई चौराहा पर बैरियर लगाया गया है। यहां से कोई भी छोटा-बड़ा वाहन कृषि विश्वविद्यालय की तरफ नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री के भ्रमण को लेकर कृषि विश्वविद्यालय में तैयारियों का जायजा लेते डीएम हीरा लाल। साथ ?- फोटो : BANDA

तिंदवारी पीएचसी का निरीक्षण करते मंडलायुक्त शरद कुमार सिंह और डीआईजी दीपक कुमार।- फोटो : BANDA

नहला-धुलाकर साफ-सुथरी की गईं तिंदवारी गोशाला की गायें।- फोटो : BANDA

बांदा के तिंदवारी में गोशाला की चरही में भरा भूसा खातीं गायें।- फोटो : BANDA

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें