बांदा। बुंदेली बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा देने वाला तीन दिवसीय महोत्सव शुरू हो गया। बेटियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न सामग्री आकर्षण का केंद्र रही। बेटियों के लिए यह मुहिम यहां की दो सगी बहनों ने शुरू की है।
गुरुवार को छोटी बाजार स्थित मैरिज हाल में पेंट माई ड्रीम संस्था के तत्वावधान में आयोजित समारोह में संस्था की मुखिया और आयोजन की मेजबान प्रिया गुप्ता व जया गुप्ता ने कहा कि उनकी मंशा बुंदेलखंड में स्थानीय स्तर हुनरमंद प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
साथ ही उनके कार्यों को विभिन्न प्लेटफार्म के जरिये समाज के सामने लाना है। किशोरों में छात्र-छात्राओं को विभिन्न हुनर में दक्ष किया जाएगा, ताकि वह अपने पैरों पर खड़ी हों और आत्मनिर्भर बनें। मौजूदा में डेढ़ सौ किशोर-किशोरियां यह प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्हें नृत्य, मेहंदी, रंगोली आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महोत्सव का समापन 7 नवंबर होगा।
विधायक प्रकाश द्विवेदी ने आयोजन और मिशन की सराहना की। साथ ही यहां तैयार की गईं कलाकृतियों और आयोजक दोनों बहनों को सराहा। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि आत्मनिर्भर अभियान प्रधानमंत्री का संकल्प है। इसे बांदा की यह संस्था आगे बढ़ा रही है।
बेटियों की लगन को सराहा। महिला की आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता ने कहा कि प्रिया और जया बेहतरीन कलाकार हैं। जो भी संभव होगी मदद की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, रजत सेठ, पुष्कर द्विवेदी, स्वदेश शिवहरे गोलू, राकेश गुप्ता दद्दू, निखिल सक्सेना, व्यापारी नेता मनोज जैन, अमित सेठ भोलू, संजय निगम अकेला, अनिल गुप्ता भी मौजूद रहे।