बांदा। डेंगू के चार और मरीज मिलने और सर्वे में घरों में लार्वा मिलने से डेगूं और बढ़ने की आशंका सता रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची है। रविवार को मंडलीय चिकित्सालय में डेंगू के मरीजों के लिए 50 बेड का वार्ड खोल दिया गया। साथ ही चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।
शहर और नरैनी क्षेत्र में डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। मौसम में गर्मी कम होने की वजह से डेंगू मच्छर भी बढ़ने लगे हैं। जलभराव और घरों के बर्तनों, ट्यूब, टायर आदि में जमे बरसाती पानी में ये मच्छर पनप रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे किया तो उसमें भी घरों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला है। उनको नोटिस जारी किया गया है, लेकिन इस प्रकार का लार्वा और होने की आशंका बनी है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से निपटने और मरीजों को राहत देने के लिए तैयारी की है। मंडलीय चिकित्सालय में डेंगू वार्ड तैयार कर वहां मरीजों की देखरेख की व्यवस्थाएं की गई हैं।
डेंगू के मरीजों के लिए मंडलीय चिकित्सालय में 50 बेड का वार्ड तैयार किया गया है। मरीज आने पर उन्हें सुविधा रहेगी। -डॉ. एसएन मिश्र, सीएमएस, जिला अस्पताल।