फोटो - 19 तेज हवा चलने से टूटी पड़ी बंच केबल। संवाद
बांदा। मौसम परिवर्तन, तेज हवा और बूंदाबांदी के कारण बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। पीली कोठी सब स्टेशन से जुड़े छह फीडरों में फॉल्ट से कुल छह घंटे बिजली गुल रही। इससे लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे 132 सब स्टेशन से मुख्य आपूर्ति बंद की गई। लगभग 30 मिनट बाद सभी फीडर फिर से चालू हुए। तेज हवा और बूंदाबांदी से महेश्वरी देवी फीडर की 11 हजार लाइन में बंच केबल टूटने से एक घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
तेज हवा के कारण भूरागढ़ फीडर को सुरक्षा की दृष्टि से बंद किया गया। मर्दन नाका फीडर में फॉल्ट होने से तकरीबन एक घंटा बिजली आपूर्ति बंद रही। रविवार देर शाम करीब साढ़े पांच बजे इनकमिंग बाधित होने से महेश्वरी देवी, टेलीफोन व मर्दन नाका फीडर बंद हुए। देर शाम गुलाब बाग में फॉल्ट की सूचना पर टेलीफोन फीडर को भी बंद किया गया।
अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय खंड, बांदा राजीव रंजन ने बताया कि तेज हवा और बूंदाबांदी के चलते कुछ जगहों पर फॉल्ट हुए थे। बिजली कर्मियों ने सभी फॉल्टों को तुरंत दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब सभी फीडर सुचारु रूप से चल रहे हैं। सभी प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है।